अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार अररिया के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अररिया के नेतृत्व में सिमराहा पुलिस द्वारा 3 घण्टे के अंदर एक माता के गोद में उनके 14 माह के बच्चे को बरामद कर सौंप दिया गया।

सिमराहा थाना अंतर्गत धुमगढ़ पोठिया निवासी माता सीमा देवी अपने पति गोपी कुमार के साथ पिछले 3 दिनों से अपने दुधमुंहे बच्चे को पाने की आस लिए थाना पुलिस के चक्कर लगा रही थी। किन्तु कोई कार्यवाही नहीं हो रही थी।

शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय परिसर अररिया में अपने पति के साथ विलाप करती महिला दंपती पीएलभी गणपत कुमार को मिली। दोनों पति पत्नी को माननीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह सचिव श्री रवि कुमार से आवेदन देकर मिलवाया गया।

माननीय सचिव महोदय के तत्क्षण निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सिमराहा पुलिस को बच्चे की बरामदगी का निर्देश दिया। पुलिस हरकत में आई और महज 3 घंटे में बच्चे को बरामद कर माता को सौंपा गया।

दंपति ने बच्चा पाकर फुले नहीं समा रहे थे। प्रतीत हो रहा था सदियों बाद मिल रहा हो। दम्पत्ति ने सचिव रवि कुमार और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये दोनों हमारे भगवान हैं।